सुरेश रैना UAE से लौटे भारत, निकट संबंधी के साथ हादसा, नहीं खेल पाएंगे IPL
चेन्नई सुपरकिंग्स के ट्विटर हैंडल से शनिवार को ट्वीट कर बताया गया कि सुरेश रैना व्यक्तिगत वजहों से भारत लौट गए हैं और इस आईपीएल सीज़न में नहीं खेल पाएंगे.
ट्वीट में टीम के सीईओ केसी विश्वनाथन के हवाले से कहा गया है, “चेन्नई सुपरकिंग्स ऐसी स्थिति में रैना के परिवार को पूरा सहयोग देगी.”
हालांकि, रैना को किन कारणों से भारत लौटना पड़ा, इस बारे में विस्तार से कोई जानकारी नहीं दी गई है.
निकट संबंधी के साथ हादसा
लेकिन माना जा रहा है कि सुरेश रैना अपने परिवार के निकट संबंधी के साथ हुए हादसे के चलते स्वदेश लौटे हैं. पंजाब के पठानकोट में रहने वाली उनकी बुआ और फूफा के घर पर डकैतों ने 19 अगस्त की रात को लूटपाट की कोशिश की थी.
इस दौरान लुटेरों ने सुरेश रैना की बुआ और फूफा को धारदार हथियार से घायल कर दिया. 58 साल के फूफा अशोक तराल की मौत उसी रात हो गई थी. जबकि बुआ अस्पताल में भर्ती हैं. उनका इलाज चल रहा है लेकिन उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
हादसे के बारे में पीड़ित परिवार के सदस्य श्यामलाल ने बताया, "ये सुरेश रैना की बुआ लगती हैं. रैना को भी पता चला है और वो शायद आ रहे हैं."
श्यामलाल, अशोक तराल के चाचा के बेटे हैं. वो बताते हैं, "वारदात को 11 दिन हो गए हैं. परिवार का किसी के साथ कोई ख़राब रिश्ता नहीं था. 11 दिनों तक प्रशासन की तरफ़ से कोई मदद नहीं आई. ना आश्वासन दिया गया. इस वक़्त इनका कमाने वाला कोई नहीं है. उनकी पत्नी अस्पताल में हैं जिनकी हालत गंभीर है. इलाज बहुत महंगा है. सरकार को कोई क़दम लेना चाहिए. गांव वालों ने काफ़ी मदद की है, लेकिन कोरोना के इस आर्थिक मुश्किल के दौर में वो कब तक मदद करेंगे, इसलिए प्रशासन को आगे आना चाहिए, ताकि लोगों में भी सुरक्षा की भावना पैदा हो."
पठानकोट के एसपी प्रभजोत सिंह ने बताया है कि इस पूरे मामले की जांच गंभीरता से चल रही है.
बीसीसीआई ने बताया 13 लोग कोरोना पॉज़िटिव
यूएई में होने वाले आईपीएल टूर्नामेंट से पहले बीसीसीआई ने जानकारी दी है कि टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पहुंचे 13 लोग कोरोना पॉज़िटिव पाए गए हैं, जिनमें से दो खिलाड़ी हैं.
बीसीसीआई के मुताबिक़, सभी प्रभावित लोग और उनके क़रीबी कॉन्टेक्ट एसिम्टोमैटिक हैं और उन्हें टीम के दूसरे सदस्यों से अलग कर दिया गया है. आईपीएल मेडिकल टीम उनकी सेहत पर नज़र बनाए हुए है.
वहीं एक खेल समाचार वेबसाइट का कहना है कि कम से कम 10 सदस्य चेन्नई सुपर किंग्स के पॉज़िटिव पाए गए हैं. इनमें एक भारतीय क्रिकेटर भी शामिल हैं जिनके नाम की जानकारी नहीं दी गई है.
ईएसपीएन वेबसाइट के अनुसार, चेन्नई सुपर किंग्स टीम के सपोर्ट स्टाफ़, नेट बॉलर और एक टीम अधिकारी की पत्नी समेत कुल 10 लोग कोरोना पॉज़िटिव हैं.
कोरोना महामारी की वजह से आईपीएल की निर्धारित तारीख़ टालनी पड़ी थी और वेन्यू को भारत से संयुक्त अरब अमीरात शिफ़्ट करना पड़ा था.
चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम 21 अगस्त को दुबई पहुंची थी और तय कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार से ट्रेनिंग शुरू करने वाली थी.
टीम के 10 सदस्यों के कोविड-19 पॉज़िटिव पाए जाने के बाद अब यह ट्रेनिंग सेशन एक सितंबर से शुरू होगा. आईपीएल टूर्नामेंट 19 सितंबर से शुरू होने वाले हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक़, पॉज़िटिव पाए गए सभी लोगों को एक अलग होटल में मेडिकल निगरानी में रखा गया है. इन्हें कम से कम दो हफ़्ते क्वारंटीन में रहना होगा.
वहीं बीसीसीआई का कहना है कि आईपीएल 2020 सीज़न के लिए कड़े स्वास्थ्य और सुरक्षा प्रोटोकॉल बनाए गए हैं. यूएई पहुंचने के बाद सभी प्रतिभागियों के टेस्ट किए गए हैं और क्वारंटीन के नियम का पालन किया गया है.
बीसीसीआई के मुताबिक़ यूएई में हिस्सा लेने वाले समूहों के 20 से 28 अगस्त के बीच 1,988 आरटी-पीसीआर कोविड टेस्ट किए गए हैं. इन समूहों में खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ़, टीम मैनेजमेंट, बीसीसीआई स्टाफ़, आईपीएल ऑपरेशनल टीम, होटल और ग्राउंड ट्रांस्पोर्ट स्टाफ़ शामिल है.
आईपीएल 2020 के स्वास्थ्य और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पूरे आईपीएल 2020 सीज़न के दौरान प्रतिभागियों की समय-समय पर जांच की जाती रहेगी.


0 टिप्पणियाँ